Home

पुलिस ने नकली सिगरेट की 39 लाख की खेप जब्त, दो गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 08 जुलाई । मानगो थाना पुलिस ने शहर में लंबे समय से चल रहे नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्कूटी के जरिए शहर की विभिन्न दुकानों में नकली सिगरेट की सप्लाई करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

वहीं इस पूरे कारोबार के तीन कथित मुख्य संचालक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली स्थित एक गोदाम से स्कूटी और छोटे मालवाहक वाहनों के जरिए शहर के विभिन्न इलाकों में नकली सिगरेट की आपूर्ति की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

योजना के तहत पुलिस टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया। कुछ ही देर बाद स्कूटी संख्या जेएच-05ईए-3413 से नकली सिगरेट की डिलीवरी करने पहुंचे उबैद अंसारी (19) और एहतेशाम शमीम (22) को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 500 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे कपाली थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित गोदाम से सिगरेट लाकर शहर के अलग-अलग दुकानदारों तक पहुंचाते थे। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने इस्लामनगर स्थित गोदाम में छापेमारी की। वहां प्लास्टिक के 19 बोरों में पैक 45,600 पैकेट नकली सिगरेट बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये है। इसके अलावा कारोबार में प्रयुक्त अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालकों के रूप में वली आजम, शहनवाज दानिश और एसके परवेज के नाम सामने आए हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले तीनों फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नकली सिगरेट की खेप कहां से मंगाई जाती थी और इसे जिले समेत आसपास के किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है।

इस मामले में मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक परवन साह, रविशंकर कुमार, दिलीप कुमार दास सहित विशेष टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *