खेलरांची

राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में नन्हे खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दूसरे राउंड में रोमांचक मुकाबले, सरला बिरला पब्लिक स्कूल में उमड़ रही दर्शकों की भीड़

रांची, 7 जुलाई। सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची में आयोजित 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप–2026 में देशभर से आए नन्हे खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में कई रोमांचक मैच हुए, वहीं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक, खेलप्रेमी और दर्शक भी पहुंच रहे हैं।

ओपन वर्ग के दूसरे राउंड में श्रेयांश दास ने वेदांत को, अमुधन एस ने कविश को, सिद्धार्थ अनुज ने युवनेश एम को, निखिल ने राघव सिंह को तथा शिवाय सिंह ने रियांश को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

गर्ल्स वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले

गर्ल्स वर्ग में अरावा ने याजहिसाई बी को, अन्वी दीपक ने याशिका को, साईं अंशिता ने डोराशी को तथा प्रीतिका ने कायरा अग्रवाल को हराया। वहीं इशिता लाहिड़ी और दिलशाद एस के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा।

प्रतियोगिता के तीसरे राउंड का उद्घाटन आयोजन सचिव नवजोत अलंग एवं सरला बिरला विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के डीन अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।

राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *