19 जुलाई को होगी झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष आम सभा
राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम-2025 के अनुरूप संविधान संशोधन पर होगा विचार, सदस्य इकाइयों से दो प्रतिनिधि नामित करने का आग्रह
रांची। झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष आम सभा (स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग) 19 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोराबादी, रांची में आयोजित की जाएगी। बैठक संघ के अध्यक्ष के निर्देश एवं अनुमोदन पर बुलाई गई है।
महासचिव रजनीश कुमार ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम-2025 के प्रावधानों के अनुरूप झारखंड राज्य कुश्ती संघ के संविधान एवं उप-नियमों में आवश्यक संशोधनों पर विचार-विमर्श करना तथा उन्हें अनुमोदित कर अपनाना है। इसके अलावा आवश्यक होने पर अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रत्येक सदस्य इकाई से एक पुरुष और एक महिला प्रतिनिधि होंगे शामिल
संघ ने सभी मान्यता प्राप्त सदस्य इकाइयों से विशेष आम सभा में दो प्रतिनिधियों—एक पुरुष एवं एक महिला—को नामित कर बैठक में भेजने का अनुरोध किया है। सभी सदस्य इकाइयों से 15 जुलाई 2026 तक ईमेल अथवा पत्र के माध्यम से अपनी उपस्थिति की पुष्टि करने को कहा गया है।
महासचिव रजनीश कुमार ने सभी सदस्य इकाइयों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर महत्वपूर्ण निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
