पश्चिमी सिंहभूम में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
बारिश के दौरान घर के पास गिरी बिजली, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पश्चिमी सिंहभूम। जिले के गोईलकेरा प्रखंड अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के छोटा कुईड़ा गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश के दौरान हुई दर्दनाक घटना
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय रोयबारी हेंब्रम बारिश के दौरान अपने घर के आसपास मौजूद थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीण तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
घटना की सूचना मिलते ही कदमडीहा पंचायत की मुखिया द्रौपदी पूर्ती और पंचायत समिति सदस्य बुधन पूर्ती मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
परिजनों को मुआवजा देने की मांग
जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा एवं अन्य राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि दुख की इस घड़ी में परिवार को आवश्यक सहयोग मिल सके।
