झारखंडरांची

झारखंड में दो दिनों की बारिश से जनजीवन प्रभावित, 7-8 जुलाई के लिए भी येलो अलर्ट जारी

रांची, 07 जुलाई । झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 7 और 8 जुलाई के लिए भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी रांची में सोमवार तड़के से रुक-रुक कर बारिश होती रही। हालांकि दोपहर बाद मौसम में कुछ सुधार हुआ और बारिश थमने के साथ आसमान साफ हुआ, लेकिन कई इलाकों में सड़कों पर जमा पानी देर तक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहा।

अपर बाजार के सेवा सदन रोड, गाड़ीखाना, हरमू रोड, अरगोड़ा और पंडरा रोड सहित कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़क पर आ जाने से यातायात प्रभावित रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रांची में 37 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक 79.8 मिलीमीटर बारिश सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रनिया में 68.6 मिलीमीटर, मझगांव में 67.6 मिलीमीटर, मनोहरपुर में 59.4 मिलीमीटर, अड़की में 51 मिलीमीटर, गोयलखेड़ा में 50.4 मिलीमीटर, चाईबासा में 48.7 मिलीमीटर, चंदनक्यारी में 42 मिलीमीटर, चक्रधरपुर में 39.6 मिलीमीटर, खलारी में 37.4 मिलीमीटर, पूर्वी टुंडी में 36.2 मिलीमीटर, नामकुम में 36 मिलीमीटर, कोटक में 35.4 मिलीमीटर और डुमरी में 34.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 7 और 8 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

लगातार बारिश के कारण राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था की भी परीक्षा हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा संभावित जलभराव और अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *