रांची

एस.आर. डीएवी. पुंदाग में कक्षा 11 के विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

हवन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पूर्व छात्रों के प्रेरक संवाद ने बढ़ाया उत्साह

रांची। एस.आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के कक्षा 11 के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

हवन के साथ हुई शुभ शुरुआत

समारोह का शुभारंभ कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के सामूहिक हवन से हुआ, जिसमें सभी के उज्ज्वल और सफल शैक्षणिक भविष्य की कामना की गई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ।

मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी : डॉ. तापस घोष

प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, अनुशासन और निरंतर मेहनत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी—तीनों ही संकायों में बेहतर भविष्य की असीम संभावनाएं हैं। यदि विद्यार्थी समर्पण और लगन के साथ अध्ययन करें तो सफलता निश्चित है।

पूर्व छात्रों ने साझा किए सफलता के अनुभव

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यालय के सफल पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। वर्ष 2024 की टॉपर राशि सिंह, जो वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी कॉलेज में अध्ययनरत हैं, ने अपने अनुभव साझा किए।

इसके अलावा एमजीएम मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र दीप गुप्ता, सेंट जेवियर्स कॉलेज की वाणिज्य टॉपर अनुष्का अधिकारी, विज्ञान संकाय की टॉपर तनु सिंह तथा एनआईएफटी, गांधीनगर की छात्रा स्वस्ती साहू ने भी अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। सभी ने विद्यार्थियों को कक्षा 11 से ही मजबूत आधार बनाने, शिक्षकों के मार्गदर्शन पर विश्वास रखने तथा कोचिंग पर अत्यधिक निर्भर होने के बजाय स्व-अध्ययन और निरंतर अभ्यास पर जोर देने की सलाह दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। नवप्रवेशी विद्यार्थी आत्मविश्वास से परिपूर्ण और अपने नए शैक्षणिक सफर को लेकर उत्साहित नजर आए।

शांति पाठ के साथ हुआ समापन

अंत में प्राचार्य डॉ. तापस घोष एवं विद्यालय परिवार ने कक्षा 11 के सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *