रांची में 6 जुलाई से होगी 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप
सरला बिरला विश्वविद्यालय में जुटेंगे देशभर के 438 युवा खिलाड़ी, 5 लाख रुपये की इनामी राशि
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 6 से 12 जुलाई तक सरला बिरला विश्वविद्यालय, महिलोंग परिसर में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 438 प्रतिभाशाली बाल शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन कर रहा आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन द्वारा रांची जिला चेस एसोसिएशन के सहयोग तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) से मान्यता प्राप्त है। उल्लेखनीय है कि आठ वर्षों के अंतराल के बाद यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता एक बार फिर रांची में आयोजित हो रही है।
पांच लाख रुपये की इनामी राशि
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में देश के उभरते हुए युवा शतरंज खिलाड़ी अपनी रणनीति, कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं।
विश्वस्तरीय सुविधाओं की तैयारी पूरी
आयोजन की मेजबानी कर रहा सरला बिरला विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिभागियों के आवास, भोजन, प्रतियोगिता स्थल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिल सके।
झारखंड को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता न केवल युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगी, बल्कि झारखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाएगी। प्रतियोगिता के दौरान देशभर से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अभिभावक और अधिकारी झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य से भी रूबरू होंगे।
इस आयोजन को सीसीएल (CCL), एनटीपीसी (NTPC) और बीसीसीएल (BCCL) का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों ने किया स्वागत
रांची जिला शतरंज संघ के संरक्षक एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा तथा चेयरपर्सन ऋचा संचिता ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और शतरंज प्रेमियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा का उदाहरण बनेगी तथा झारखंड के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज करेगी।
आयोजन की जानकारी ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने दी।
