कदमा गोलीकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
रामजनमनगर में युवक को मुंह में सटाकर मारी गई थी गोली, रिम्स में चल रहा इलाज
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामजनमनगर में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना के रूप में हुई है।
विवाद के दौरान चली गोली
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात रामजनमनगर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने संजय तांडी के मुंह में सटाकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
बहन की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद घायल संजय तांडी की बहन संतोषी तांडी के बयान के आधार पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में पड़ोसी अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना को नामजद आरोपी बनाया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार की तलाश में जारी है छापेमारी
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
