नगड़ी प्रीमियर लीग: नगड़ी चैलेंजर्स की शानदार जीत, जायंट्स को 75 रन से हराया
रांची: नगड़ी प्रीमियर लीग के पांचवें मुकाबले में नगड़ी चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगड़ी जायंट्स को 75 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार जीत दर्ज की। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर चैलेंजर्स ने मैच पर पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा।
रीतिराज और अधिराज की अर्धशतकीय पारियां
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नगड़ी चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 174 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से रीतिराज ने 45 गेंदों में शानदार 60 रन बनाए, जबकि अधिराज ने मात्र 23 गेंदों पर तूफानी अंदाज में 57 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत चैलेंजर्स बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।
नगड़ी जायंट्स की ओर से आशीष ने सबसे प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
94 रन पर सिमटी नगड़ी जायंट्स
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगड़ी जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ती नजर नहीं आई।
पूरी टीम 20 ओवर में 10 विकेट खोकर केवल 94 रन ही बना सकी। जायंट्स की ओर से सोनू ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का अपेक्षित साथ नहीं मिला।
अतुल्य लाल ने झटके पांच विकेट
चैलेंजर्स की जीत के सबसे बड़े नायक गेंदबाज अतुल्य लाल रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 3 रन खर्च किए और 5 विकेट लेकर जायंट्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
उनकी घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
रणजी खिलाड़ी ऋषभ राज ने किया सम्मानित
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अतुल्य लाल को Rishabh Raj तथा श्री सिद्धिविनायक टेलीकॉम के संचालक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
इस शानदार जीत के साथ नगड़ी चैलेंजर्स ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी, जबकि नगड़ी जायंट्स को अगले मुकाबलों में वापसी के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
