चीन में लहराएगा झारखंड का परचम, रामगढ़ के शिक्षक अमित कुमार बने भारतीय वॉलीबॉल टीम के सहायक कोच
विश्व स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम के साथ निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
रांची। झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड स्थित +2 उच्च विद्यालय, ठाड़ीहाट कुसियाम के शारीरिक शिक्षा शिक्षक अमित कुमार का चयन भारतीय वॉलीबॉल टीम के सहायक कोच (असिस्टेंट कोच) के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे राज्य, विशेषकर दुमका और रामगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चीन में होगी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के पत्रांक 082/एसजीएफआई कोचिंग कैंप 2026-27 के तहत अमित कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय टीम 1 से 10 जुलाई 2026 तक चीन के शांगलु शहर में आयोजित वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप (अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग) में भाग लेगी। इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों की टीमें हिस्सा लेंगी।
खेल विकास में निभा रहे हैं अहम भूमिका
अमित कुमार लंबे समय से विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल के विकास में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुशासन और प्रशिक्षण क्षमता को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम के सहायक कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्यभर से मिल रही बधाइयां
उनके चयन के बाद झारखंड राज्य वॉलीबॉल संघ, झारखंड शिक्षा परियोजना, खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने भी इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।
30 जून को चीन के लिए होंगे रवाना
जानकारी के अनुसार अमित कुमार 30 जून को रांची से दिल्ली पहुंचेंगे और वहां से भारतीय दल के साथ चीन के लिए रवाना होंगे। प्रतियोगिता के दौरान वे खिलाड़ियों को तकनीकी और रणनीतिक प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
अमित कुमार की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षक भी अपनी मेहनत, समर्पण और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उनसे प्रेरणा लेकर झारखंड के युवा खिलाड़ी और प्रशिक्षक भी खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का सपना साकार कर सकते हैं।
