Home

शिलान्यास के बाद भी ठप पड़ीं 60 विकास योजनाएं : सरयू राय

पूर्वी सिंहभूम, 29 जून । विधायक सरयू राय ने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर नगर विकास विभाग की उन योजनाओं पर चिंता जताई है, जिनका शिलान्यास कई महीने पहले हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि 16 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लंबे समय तक लंबित रहना जनहित के साथ गंभीर लापरवाही है।

सोमवार को अपने पत्र में सरयू राय ने उल्लेख किया है कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के अंतर्गत जिला योजना समिति से स्वीकृत 21 विकास योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 मार्च 2026 को उनका शिलान्यास किया गया था। इन योजनाओं की कुल लागत 03 करोड़ 24 लाख 78 हजार 599 रुपये है, लेकिन शिलान्यास के महीनों बाद भी किसी भी योजना पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ।

उन्होंने यह भी बताया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की 39 विकास योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को किया गया था। लगभग 12 करोड़ 99 लाख 19 हजार 117 रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं का भी अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि दोनों शिलान्यास कार्यक्रमों में वे स्वयं उपस्थित थे, इसलिए योजनाओं की वर्तमान स्थिति अत्यंत निराशाजनक है।

विधायक ने पत्र में कहा कि जिन योजनाओं के लिए नगर विकास विभाग ने राशि उपलब्ध करा दी है, जिला योजना समिति से स्वीकृति मिल चुकी है और शिलान्यास जैसी औपचारिकताएं भी पूरी हो चुकी हैं, उनका समय पर क्रियान्वयन नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। इससे न केवल परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी नहीं हो पाएंगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ेगा।

सरयू राय ने बताया कि उन्होंने कई बार मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित किया, लेकिन संवेदकों की नियुक्ति होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। उन्होंने प्रधान सचिव से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि लंबित योजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू हो सके और जनता को उनका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *