आकाशीय बिजली से मृत लोगों के परिजनों से मिले सांसद कालीचरण मुंडा, शीघ्र मुआवजा देने के दिए निर्देश

खूंटी, 27 जून। खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने शनिवार को कर्रा प्रखंड के मेहा और पतराटोली गांव पहुंचकर हाल में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान सांसद ने कर्रा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल पदाधिकारी (सीओ) को निर्देश दिया कि मृतकों के आश्रितों को सरकार की ओर से देय सहायता और मुआवजा राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, घटना में घायल लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ हैं। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने, आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते सावधानी बरतकर ऐसी दुखद घटनाओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नईमुद्दीन खान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
