Home

वृद्धाश्रम में चला टीबी स्क्रीनिंग अभियान, 55 लोगों की हुई जांच

100 डेज टीबी कैंपेन के तहत बरियातू वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच, दो संदिग्ध मरीज चिन्हित

रांची। राष्ट्रीय 100 डेज टीबी कैंपेन के तहत गुरुवार को बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन रांची के निर्देश पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. सिद्धेश्वर बास्की के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कुल 55 लोगों की टीबी जांच की गई।

सभी लाभार्थियों का किया गया एक्स-रे

शिविर के दौरान सभी 55 लोगों का एक्स-रे परीक्षण कराया गया। जांच के दौरान दो लोगों को टीबी संदिग्ध (टीबी सस्पेक्ट) के रूप में चिन्हित किया गया, जिनकी एक्स-रे रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

संदिग्ध मरीजों को दी गई जांच की सलाह

चिन्हित दोनों संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच के लिए रिम्स टीबी लैब में थूक (स्पुटम) जांच कराने हेतु स्पुटम कंटेनर उपलब्ध कराया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक उपचार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

निःशुल्क दवाओं का भी हुआ वितरण

शिविर के दौरान लेम बड़गाईं स्वास्थ्य केंद्र की ओर से उपस्थित लोगों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

निक्षय पोर्टल पर दर्ज की गई जांच रिपोर्ट

टीबी स्क्रीनिंग में शामिल सभी लोगों का विवरण निक्षय पोर्टल पर दर्ज किया गया। जिन लोगों की एक्स-रे रिपोर्ट सामान्य पाई गई, उनके मामलों को पोर्टल पर क्लोज कर दिया गया।

ये रहे उपस्थित

अभियान के दौरान जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. सिद्धेश्वर बास्की, रिम्स डॉट्स सेंटर के प्रभारी डॉ. टी.के. मिश्रा, वृद्धाश्रम की अध्यक्ष श्रीमती सुशील गुप्ता, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, एसटीएस संतोष कुमार, एसटीएलएस योगेंद्र प्रसाद, टीबीएचवी संजय कुमार झा, बसंत भगत, कामेश्वर महतो, रूबी चौधरी, जे.पी. तिवारी तथा लेम बड़गाईं की एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *