Home

निर्जला एकादशी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, पूरे दिन भक्तिमय माहौल रहा

देवघर। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में भक्त बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

शीघ्र दर्शन काउंटर पर भी रही भीड़

बाबा मंदिर में सामान्य दर्शन के साथ-साथ शीघ्र दर्शनम कूपन काउंटर पर भी श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने घंटों कतार में खड़े रहकर बाबा का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा और व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की थी। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों ने पूरे दिन श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पीछे के रास्ते से प्रवेश की कोशिश

मंदिर के निकास द्वार के समीप कुछ श्रद्धालुओं द्वारा पीछे के रास्ते से प्रवेश करने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और व्यवस्था बहाल कर दी।

लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी उमड़े श्रद्धालु

बाबा मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। भक्तों ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

निर्जला एकादशी का विशेष महत्व

मंदिर के तीर्थ पुरोहित प्रवीण ठाकुर ने बताया कि निर्जला एकादशी को सभी एकादशियों में सर्वश्रेष्ठ और अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस एक व्रत के पालन से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के बराबर फल प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि इस दिन श्रद्धालु बिना जल ग्रहण किए भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा मोक्ष के मार्ग प्रशस्त होते हैं।

जयघोष से गूंजती रही बाबा नगरी

निर्जला एकादशी के अवसर पर देवघर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और भगवान विष्णु के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने पूरे दिन बाबा नगरी को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *