Home

जमीन के जाली पेपर बनाने पर चाचा को भतीजे ने मारी थी गोली, गिरफ्तार

पलामू, 24 जून । पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ठेकेदार एवं मेदिनीनगर के बारालोटा निवासी संजय तिवारी गुड्डू को गोली मारने के मुख्य आरोपित और उनके भतीजे प्रीतम तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रीतम को चियांकी हवाई अड्डा के पास से बुधवार की सुबह गिरफ्तार किया गया। घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम का पिस्टल भी बरामद किया गया। प्रीतम ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि 20 जून को जीएलए कॉलेज अष्टभुजी मंदिर के सामने संजय तिवारी गुड्डू को गोली मार दी गयी थी। संजय मंदिर से पूजा कर निकले थे और जूता पहन रहे थे। अनुसंधान और परिजनों के बयान पर घटना को संजय के भतीजे प्रीतम तिवारी की ओर से अंजाम दिए जाने का खुलासा हुआ था। मामले में एसआइटी का गठन कर अनुसंधान किया गया। अलग अलग जगह पर छापामारी की गयी।

जिले के एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार को अपने कार्यालय सभागार में जानकारी दी कि प्रीतम तिवारी ने पूछताछ में बताया कि उसकी खानदानी साढे 22 डिसमिल जमीन के जाली पेपर बनाकर संजय तिवारी गुड्डू हड़पना चाहते थे। रास्ता बंद होने की स्थिति बन गयी थी। मामले को कोर्ट में भी लाया गया था।

अचानक प्रीतम ने संजय तिवारी गुड्डू से बदला लेने के लिए उनकी हत्या की योजना बनायी। जिस दिन घटना हुई, उस दिन संजय तिवारी गुड्डू की कोर्ट में इसी जमीन के केस में गवाही देनी थी। गवाही देने से पहले की प्रीतम ने हत्या करने के लिए संजय तिवारी गुड्डू पर गोली चला दी। प्रीतम ने रांची से पिस्टल खरीदा था। वह एमबीए किया है। उसके खिलाफ शहर थाना में पूर्व से एक मामला दर्ज है।

कार्रवाई टीम में एसडीपीओ राजेश याद, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुअनि चन्द्रशेखर यादव, संतोष कुमार गुप्ता, अनिल कुमार यादव, श्रीराम, सअनि संदीप राम, जवान नंदलाल पटेल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *