Home

झारखंड में 28 जून से मानसून होगा सक्रिय, कई जिलों में लू का अलर्ट

25 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा में लू चलने की आशंका, 30 जून तक वज्रपात और तेज हवा के संकेत

रांची: झारखंड में मानसून की दस्तक के बावजूद अब तक पूरे राज्य में बारिश ने रफ्तार नहीं पकड़ी है। हालांकि मौसम विभाग ने 28 जून से राज्यभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। वहीं, 25 जून को कुछ जिलों में लू चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

28 जून से बारिश पकड़ सकती है रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार 25 से 30 जून के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 28 जून से पूरे राज्य में वर्षा की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।

वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

मौसम केंद्र ने 25 से 30 जून तक राज्य के कई क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

इन जिलों में लू चलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा जिले के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है। ऐसे में लोगों को धूप में निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *