रांची

श्री श्याम मंदिर में 209वां श्री सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ संपन्न

भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु, निर्जला एकादशी महोत्सव की तैयारियां तेज

रांची। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में 209वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान “राम सिया राम, सिया राम जय-जय राम” के संकीर्तन और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया एवं सदस्य अरुण खुटेटा द्वारा बलराम मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कराकर कराया गया। इस अवसर पर बलराम मोदी एवं उनके परिवार की ओर से केसरिया पेड़ा, गुड़-चना एवं फल प्रसाद का भोग अर्पित किया गया।

संगीतमय सुंदरकांड पाठ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बलराम मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। पाठ वाचक मनीष सारस्वत एवं ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की मधुर धुनों के बीच गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इसके बाद श्रद्धालुओं की सहभागिता से संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ। पाठ के दौरान विभिन्न भजनों की प्रस्तुति भी दी गई, जिससे श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम के समापन पर श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।

भक्तों ने निभाई सेवा की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद सेवा, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा सेवा, मनीष साहू ने गिरिगोला सेवा तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा का दायित्व निभाया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, बलराम मोदी, कृष्णा, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

25 जून को धूमधाम से मनाया जाएगा निर्जला एकादशी महोत्सव

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि 25 जून, गुरुवार को श्री श्याम मंदिर में निर्जला एकादशी उत्सव बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम के प्रमुख एकादशी उत्सवों में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है।

मंदिर को कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा बाबा श्री श्याम का विशेष दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर मेवा भोग, फल भोग एवं सवामणि प्रसाद अर्पित किया जाएगा। मंदिर के पट सुबह खुलने के बाद दिनभर दर्शनार्थियों के लिए खुले रहेंगे।

रात्रि 9:30 बजे से भव्य एकादशी संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

द्वादशी पर होगी अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि 26 जून, शुक्रवार को द्वादशी के अवसर पर मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इस दिन बाबा श्री श्याम को अति प्रिय खीर-चूरमे का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *