अवनी केजरीवाल बनीं नेशनल टॉपर, मारवाड़ी सम्मेलन ने दी बधाई
पुनर्मूल्यांकन परिणाम में हासिल किए 500 में 500 अंक, जल्द होगा सम्मान
रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य एवं समाजसेवी मितेश केजरीवाल की सुपुत्री तथा डीपीएस रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा सत्र 2025-26 के पुनर्मूल्यांकन परिणाम में 500 में 500 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस असाधारण सफलता पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें तथा उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रतिभा और परिश्रम का शानदार उदाहरण
सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन तथा संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से जारी बधाई संदेश में कहा कि अवनी केजरीवाल ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे झारखंड और मारवाड़ी समाज का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
सम्मेलन पदाधिकारियों ने अवनी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी शिक्षा एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, राज्य और समाज का नाम रोशन करेंगी।
शीघ्र किया जाएगा सम्मानित
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने घोषणा की है कि अवनी केजरीवाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में उन्हें शीघ्र ही एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है और अवनी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
