श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 271वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद का आयोजन
1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, भजन संध्या में भक्तिमय हुआ वातावरण
रांची। पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को 271वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री राधा रानी का हुआ दिव्य श्रृंगार
इस अवसर पर मंदिर में श्री राधा रानी का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों तथा मनोहारी पुष्पों से किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया।
श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया महाप्रसाद
भोग के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, बोतलबंद जलजीरा शर्बत एवं आलू चिप्स के पैकेट का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित लगभग 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण एवं श्याम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
4 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन
इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और लगभग 4 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।
अनेक श्रद्धालुओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, सुनील पोद्दार, अरविंद अग्रवाल, मनीष सोनी, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
