खेल

4वीं झारखंड राज्य ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप-2026 में विभाष कुमार सिन्हा बने चैंपियन

रांची के खिलाड़ी ने 7½ अंकों के साथ जीता खिताब, राज्यभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रांची, 22 जून। 4वीं झारखंड राज्य ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक क्षमता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रांची के विभाष कुमार सिन्हा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 7½ अंक अर्जित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

विजेताओं को मिली आकर्षक पुरस्कार राशि

चैंपियन बनने पर विभाष कुमार सिन्हा को ट्रॉफी के साथ ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बोकारो के अंकित कुमार सिंह ने भी 7½ अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान हासिल किया और ₹4,000 का पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं पूर्वी सिंहभूम के देबांजन सिन्हा ने 7½ अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹3,000 की पुरस्कार राशि जीती।

पूर्वी सिंहभूम के रोहन विजय शांडिल्य चौथे स्थान पर रहे, जिन्हें ₹2,500 का पुरस्कार प्रदान किया गया। सरायकेला-खरसावां के शिवांश गोस्वामी ने पाँचवाँ स्थान हासिल कर ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्राप्त की।

अन्य खिलाड़ियों ने भी किया प्रभावशाली प्रदर्शन

पश्चिमी सिंहभूम के मनीष शर्मा तथा रांची के विकाश बरला ने सात-सात अंक अर्जित कर क्रमशः छठा एवं सातवाँ स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रमुख पुरस्कार विजेताओं में एआईएम मनीदीप मुखी, यश रंजन, आदित्य तन्मय शर्मा, तनिष्क कुमार, एसीएम श्रेयांश राज, अरिजीत घोष, एजीएम अर्पित आनंद तथा कबीर आदित्य आनंद शामिल रहे।

शतरंज के विकास में सहायक हैं ऐसी प्रतियोगिताएं

प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में शतरंज खेल के विकास को नई दिशा देती हैं तथा युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

आईए जयंत कुमार भुयान के निर्देशन में हुआ सफल संचालन

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) आईए जयंत कुमार भुयान थे, जिनके कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल संचालन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *