20 वर्षों से कार्यरत ठेका तकनीकी कर्मियों को नियमित करे एचईसी प्रबंधन : लीलाधर सिंह
हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन की बैठक में 2018 बैच के कर्मियों को प्रोन्नति देने की भी उठी मांग
रांची: हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के महामंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने एचईसी प्रबंधन से 20 वर्षों से कार्यरत तकनीकी ठेका कर्मियों को नियमित कार्यबल में समाहित करने तथा वर्ष 2018 बैच के तकनीकी कर्मियों को नियमानुसार प्रोन्नति देने की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए लीलाधर सिंह ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत तकनीकी ठेका कर्मियों के अनुभव और दक्षता का लाभ एचईसी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों को नियमित करने से संस्थान को कम लागत पर कुशल श्रमिक उपलब्ध होंगे और कर्मचारियों को स्थायी सेवा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि 15 वर्षों से लगातार कार्यरत ठेका कर्मियों को पहले अस्थायी कर्मी के रूप में नियुक्त किया जाए तथा 240 दिनों की सेवा पूरी होने पर उन्हें स्थायी किया जाए।
कुशल तकनीकी कर्मियों की कमी की आशंका
लीलाधर सिंह ने कहा कि लगातार सेवानिवृत्ति और इस्तीफों के कारण आने वाले वर्षों में एचईसी को कुशल तकनीकी कर्मियों की कमी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अनुभवी ठेका कर्मियों का नियमितीकरण संस्थान के हित में होगा।
उन्होंने वर्ष 2018 बैच के तकनीकी कर्मियों की लंबित प्रोन्नति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आठ वर्ष बाद भी पदोन्नति नहीं होना कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने प्रबंधन से इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
पीएफ दस्तावेजों पर उठाए सवाल
बैठक में पीएफ से जुड़े रेजर इश्यू के समाधान के बाद जारी दस्तावेजों पर आधिकारिक मुहर और हस्ताक्षर नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए आवश्यक सुधार की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन के उपाध्यक्ष गिरीश कुमार चौहान ने की। इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी एवं कामगार उपस्थित थे।
