वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ तोड़ा 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड

नई दिल्ली: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 50 ओवर क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। श्रीलंका-ए के खिलाफ जारी ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।
वैभव ने अपनी तूफानी पारी में केवल 29 गेंदों का सामना करते हुए 94 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत इंडिया-ए ने 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 377 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
कौशल्य वीरात्ने का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले 50 ओवर क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था। उन्होंने वर्ष 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए मात्र 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। वैभव ने 11 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इस 20 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
इंडिया-ए ने खड़ा किया विशाल स्कोर
फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के अलावा कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन, प्रियांश आर्या ने 39 रन, कुमार कुशाग्र ने 36 रन और अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेली। इन पारियों की मदद से इंडिया-ए ने निर्धारित 50 ओवर में 377 रन बनाए।
श्रीलंका-ए की लड़खड़ाई पारी
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की टीम 37 ओवर के बाद सात विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन बनाए, जबकि वनुजा सहन क्रीज पर मौजूद थे।
भारतीय गेंदबाजों में यश ठाकुर ने तीन विकेट झटके, जबकि अशोक शर्मा और विप्रज निगम को एक-एक सफलता मिली।
वनडे में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड
वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड के नाम है। दोनों बल्लेबाजों ने 16-16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है।
एबी डिविलियर्स ने 18 जनवरी 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानसबर्ग में यह कारनामा किया था, जबकि मैथ्यू फोर्ड ने 23 मई 2025 को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में 16 गेंदों में फिफ्टी जड़कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
