Home

हमें उम्मीद कि राज्यसभा चुनाव प्रकरण में हेमंत मामले की जांच कर दोषियों पर करेंगे कार्रवाई : केशव महतो कमलेश

रांची । झारखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भाजपा और राजद की ओर से कांग्रेस प्रभारी और विधायकों पर लगाए जा रहे आरोप निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

कांग्रेस विधायक दल ने पूरी एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह बातें शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्या्लय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।

कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार दोनों की संभावना रहती है। चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न रहने का अर्थ यह नहीं है कि बिना किसी तथ्य और प्रमाण के कांग्रेस विधायकों की निष्ठा और प्रतिबद्धता पर प्रश्नचिह्न लगाया जाए।

भाजपा को आत्ममंथन करना चाहिए और सोचना चाहिए कि क्यों वे किसी झारखंडी नेता या कार्यकर्ता को अपना उम्मीदवार नहीं बना पाए। यह सर्वविदित है कि कैसे पैसे का खेल हुआ और झारखंडी अस्मिता की बोली लगाई गई।

महागठबंधन के 56 वोट में से 06 वोट गए कहां

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा सवाल उठाया कि महागठबंधन के 56 वोट में से 06 वोट कहां गए। भाजपा और सहयोगी दलों के पास तो महज 24 वोट थे, उनके पास अतिरिक्त 06 वोट कहां से आ गए।

जाहिर है कि धोखा और विश्वासघात हुआ और यह धोखा महागठबंधन के दूसरे उम्मीदवार के साथ हुआ है तो उससे बड़ा धोखा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी हुआ है।

क्योंकि वे महागठबंधन दल के मुखिया हैं। उन्होंने परिश्रम किया था और सभी उनकी रणनीति से आश्वस्त थे।

अब हम सभी को इंतज़ार है कि इस धोखे का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैसे जवाब देंगे। हमें विश्वास है वे इसकी जांच करेंगे और दोषी के ऊपर कार्रवाई करेंगे।

कमलेश ने कहा कि हमारे शीर्ष नेतृत्व, सहयोगी दलों के शीर्ष नेतृत्व से बात कर रहे हैं। स्थिति का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। इसलिए, हम अपने सहयोगी दलों से भी अपेक्षा करते हैं कि वे सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप से बचें।

कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि किसी भी परिस्थिति में राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

हम झारखंड के लोगों के हितों, सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि यह समय आपसी दोषारोपण का नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर आत्ममंथन और जनता के मुद्दों पर केंद्रित राजनीति करने का है। 2024 विधानसभा चुनाव के प्रचंड बहुमत के बाद इस राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत भाजपा की प्रचलित सूटकेस- राजनीति को पुनर्स्थापित करता है। साथ ही हम सबों को भी अपने गिरेबान में झांकने को विवश करता है।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस के विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, पार्टी के विधाायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *