Home

भाजपा की संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

21 जून को शक्ति केंद्रों पर योग कार्यक्रम, 6 जुलाई तक वृक्षारोपण और विकसित भारत संकल्प गोष्ठियों का आयोजन

रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों और जिला संगठन प्रभारियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत सभी शक्ति केंद्रों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन के लिए इसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि 23 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को सभी मंडलों में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। वहीं 25 जून को देश में लगाए गए आपातकाल की स्मृति में काला दिवस का आयोजन कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद किया जाएगा।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक प्रधानमंत्री रहने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भी समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत 6 जुलाई तक राज्यभर में वृक्षारोपण, महाजनसंपर्क अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, प्रबुद्धजनों से संपर्क, जैविक कृषि गोष्ठी तथा विकसित भारत संकल्प गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

आदित्य साहू ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, सेवा भावना और संगठन के प्रति समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *