अन्नपूर्णा सेवा के तहत 18 दिनों में 3990 निराश्रितों को कराया गया भोजन
सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में मानव सेवा का अनूठा अभियान जारी
दो वर्षों में 1.40 लाख से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंची भोजन सेवा
रांची। परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा संचालित मानव सेवा अभियान निरंतर जारी है। ट्रस्ट के तत्वावधान में पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य-प्रेम सभागार) में रह रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग एवं निराश्रित लोगों के बीच अन्नपूर्णा सेवा के तहत भोजन प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
आश्रम में रह रहे 48 निराश्रित प्रभुजनों एवं उनकी सेवा में जुटे सेवादारों के लिए प्रतिदिन आश्रम के रसोईघर में पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन तैयार कर श्रद्धापूर्वक परोसा जा रहा है। भोजन सेवा में विभिन्न प्रकार के व्यंजन शामिल किए जा रहे हैं, जिससे आश्रमवासियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार मिल सके।
18 दिनों में 3990 लोगों को भोजन प्रसाद
आश्रम के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि 1 जून से 18 जून 2026 तक कुल 18 दिनों में 3990 निराश्रित प्रभुजनों एवं उनकी देखभाल करने वाले सेवादारों के बीच अन्नपूर्णा सेवा के तहत भोजन प्रसाद वितरित किया गया।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से निरंतर चल रही इस सेवा के माध्यम से अब तक 1 लाख 40 हजार से अधिक निराश्रित, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया जा चुका है।
समाज के सहयोग से चल रहा सेवा अभियान
संजय सर्राफ ने बताया कि इस सेवा कार्य में समाज के विभिन्न वर्गों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। अनेक श्रद्धालु स्वयं भोजन सेवा का दायित्व निभाते हैं, जबकि कई लोग खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराकर आश्रम की सेवा गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और जरूरतमंदों की सहायता करना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। समाज के प्रत्येक वर्ग को ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग और प्रोत्साहन देना चाहिए।
सेवा कार्य में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
अन्नपूर्णा सेवा कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, अरविंद पांडे, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नंद किशोर चौधरी, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित ट्रस्ट के कई सदस्य उपस्थित रहे।
सेवा धाम में चल रहा यह अभियान समाज के वंचित और निराश्रित लोगों के लिए आशा, सहारा और संवेदना का केंद्र बनकर उभर रहा है।
