खेल

डीएवी गांधीनगर में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सीखे योग के गुर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

रांची। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर परिसर में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगाभ्यासों का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक एकाग्रता और शारीरिक सुदृढ़ता के प्रति जागरूक करना था।

प्रशिक्षण शिविर में सत्यानंद योग मिशन एवं आरोग्य भारती, रांची से पधारे स्वामी मुख्तार्थ जी एवं आचार्य केशव जी ने योग के महत्व तथा दैनिक जीवन में इसके सकारात्मक प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शारीरिक संतुलन, मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने पर विशेष बल दिया।

विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और विचारों को स्वस्थ एवं संतुलित बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *