रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, योग दिवस से ओलम्पिक सप्ताह तक होंगे कई आयोजन
रांची, 16 जून 2026: रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन की विशेष बैठक मंगलवार को अध्यक्ष निशीकांत पाठक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस समेत आगामी खेल गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन से संबद्ध विभिन्न जिला खेल संघों द्वारा व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत प्रातः 9 बजे बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी भाग लेंगे।
वहीं 23 जून को अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर प्रातः 6:30 बजे साइक्लोथॉन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। यह आयोजन झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन और रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में फलदार वृक्षों का रोपण भी किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 28 जून को मोराबादी मैदान में मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके अलावा झारखंड ओलम्पिक परिसर में “ओलम्पिक 2036” एवं “ग्रीन फॉरेस्ट” विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
ओलम्पिक सप्ताह के दौरान विभिन्न जिला खेल संघों की ओर से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ओलम्पिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार एवं संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सभी जिला खेल संघों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बैठक में शिवेंद्र दुबे, राजेंद्र कुमार, गोविंद झा, प्रभाकर वर्मा, दिनेश कुमार, शैलेन्द्र दुबे, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश सिंह, शब्बीर हुसैन, उदय साहू, डॉ. दीपक कुमार साहू, कृष्णा कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
