श्री श्याम मंदिर में 204वां श्री श्याम भंडारा संपन्न, उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
रांची। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 204वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आज का भंडारा सरिता कटारुका एवं उनके परिवार द्वारा निवेदित किया गया।
भंडारे के दौरान मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, वरिष्ठ सदस्य राजीव रंजन मित्तल एवं कटारुका परिवार के सदस्यों ने इष्ट मित्रों के साथ मिलकर बाबा श्री श्याम के भोग भजनों का गायन किया।
“आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” भजन की मधुर प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। सर्वप्रथम बाबा श्री श्याम को भोग अर्पित कर महाप्रसाद में सम्मिलित किया गया। इसके पश्चात यजमान परिवार द्वारा मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई गई।
मंडल की परंपरा के अनुसार भंडारे का भोग प्रत्येक शनिवार को गौशाला में गौ माता के लिए भी भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य एवं सहयोगी स्वयं गौशाला पहुंचकर यह सेवा कार्य संपन्न करते हैं।
भंडारे के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हरमू रोड पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और “खाटू नरेश की जय” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। प्रथम पूज्य भगवान गणेश की जयकारों के साथ महाप्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया।
भक्तों के लिए नमक-अजवाइन पूड़ी, आलू-गोभी, लौकी की झोलदार सब्जी, मिक्स वेजिटेबल, केसरिया जलेबी, आमरस, ऑरेंज आइसक्रीम, खीर एवं चूरमा सहित विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद परोसा गया।
इस आयोजन में सरिता कटारुका, मेघावी, अरविंद लोहिया, सुमेधा, अक्षय गोयल, श्रवण ढांढनिया, अनुज मोदी, अमित सरावगी, अंकित सिंह, कमलेश सावा, वेद भूषण जैन, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा, हिमांशु केशरी, उपेंद्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
15 जून को होगा अमावस्या महास्नान अनुष्ठान
श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 15 जून, सोमवार को अधिक ज्येष्ठ मास की सोमवती अमावस्या महास्नान अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी श्याम भक्तों एवं श्रद्धालुओं को बाबा श्री श्याम के दिव्य श्यामल स्वरूप के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए सादर आमंत्रित किया है।
