रोमांचक मुकाबलों के साथ मीडिया कप वॉलीबॉल 2026 का आगाज, व्हाइट, ब्लैक, नेवी ब्लू और येलो सेमीफाइनल में
रांची। रांची विश्वविद्यालय के वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का शानदार आगाज शनिवार को हुआ। पहले दिन खेले गए लीग चरण के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के बाद टीम व्हाइट, टीम ब्लैक, टीम नेवी ब्लू और टीम येलो ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, डीएसडब्ल्यू प्रो. सुदेश कुमार साहू, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर राजेश गुप्ता, खेल जगत से चंचल भट्टाचार्य, निशिकांत पाठक, अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी संजय कुमार तथा झारखंड वॉलीबॉल संघ के संजय ठाकुर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत बनाता है।
पहले दिन के मुकाबलों का रोमांच
उद्घाटन मुकाबले में टीम नेवी ब्लू ने टीम रेड को 25-8 और 25-11 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में टीम व्हाइट ने टीम ब्लैक को 25-19 और 25-19 से पराजित किया।
तीसरे मुकाबले में टीम येलो ने टीम रेड को 25-10 और 25-2 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। चौथे मैच में टीम ब्लैक ने टीम स्काई ब्लू को 25-16 और 25-15 से शिकस्त दी।
पांचवें मुकाबले में टीम नेवी ब्लू ने टीम येलो को 25-22 और 25-20 से हराया। वहीं दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला टीम व्हाइट और टीम स्काई ब्लू के बीच खेला गया, जिसमें व्हाइट ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 18-25, 25-14 और 15-4 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैन ऑफ द मैच
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पहले मैच में अरविंद प्रताप, दूसरे में किसलय शानू, तीसरे में संतोष गुप्ता, चौथे में अभिषेक कुमार सिन्हा, पांचवें में पुनः अरविंद प्रताप तथा अंतिम मुकाबले में किसलय शानू को यह सम्मान मिला।
रविवार को होंगे निर्णायक मुकाबले
पहला सेमीफाइनल
सुबह 7:30 बजे – टीम नेवी ब्लू बनाम टीम ब्लैक
दूसरा सेमीफाइनल
सुबह 8:30 बजे – टीम व्हाइट बनाम टीम येलो
फाइनल मुकाबला
सुबह 9:30 बजे – दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के विजेता आमने-सामने होंगे।
फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में रही विशेष उपस्थिति
उद्घाटन सत्र में रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, सचिव अभिषेक कुमार सिन्हा, सह सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर प्रसाद सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी, संजय सुमन, अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार, राजन बॉबी, संतोष सिन्हा, अशोक गोप, चंदन वर्मा, विजय गोप एवं सौरभ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता को लेकर पत्रकारों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रांची प्रेस क्लब प्रबंधन को उम्मीद है कि रविवार को होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले दर्शकों को उच्चस्तरीय वॉलीबॉल का शानदार अनुभव प्रदान करेंगे।
