अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, चार पदक जीते
रांची/पिठोरिया। झारखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने फर्स्ट ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर कुल चार पदक जीतकर झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में अफताब अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। वहीं फ़िज़ा परवीन, पूर्णिमा उरांव और सिवनी कुमारी ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों को कोच शकील अंसारी के कुशल मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
झारखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सिक्किम ताइक्वांडो संघ के सचिव सुमन तमांग, संयुक्त सचिव विजय गुरूंग तथा टेक्निकल डायरेक्टर रौशन राय ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटने पर खिलाड़ियों एवं कोच का पिठोरिया थाना में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सत्यदेव प्रसाद तथा संतोष यादव ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता की शुभकामनाएं दीं।
इस संबंध में जानकारी रांची डिस्ट्रिक्ट यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद जमील अंसारी ने दी।
