Home

जनगणना 2027 के पहले चरण में सिमडेगा ने रचा इतिहास, मकानसूचीकरण कार्य 100% पूरा

Simdega : भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत चलाए जा रहे मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) कार्य में सिमडेगा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर झारखंड के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बनाई है। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 9 जून 2026 को सीएमएमएस पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों में सिमडेगा जिले की उपलब्धि 100 प्रतिशत दर्ज की गई। यह सफलता उपायुक्त कंचन सिंह के नेतृत्व, बेहतर कार्ययोजना और लगातार निगरानी का परिणाम मानी जा रही है।

तय समय से पहले पूरा किया महत्वपूर्ण कार्य

जनगणना जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी थी। जिले के चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों और अन्य कर्मियों ने टीम भावना के साथ काम करते हुए इस लक्ष्य को हासिल किया। खास बात यह रही कि जिले ने निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूरा कर राज्य में मिसाल पेश की है।

निदेशक ने भेजा बधाई पत्र

इस उपलब्धि पर जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड के निदेशक प्रभात कुमार ने उपायुक्त कंचन सिंह को बधाई एवं शुभकामना पत्र भेजा है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन ने जिस प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ कार्य किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, अनुशासित कार्यशैली और पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। निदेशक ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की भी प्रशंसा की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को मिलेगा सम्मान

निदेशक प्रभात कुमार ने जिला प्रशासन से ऐसे दो चार्ज पदाधिकारियों के नाम भेजने का अनुरोध किया है, जिन्होंने इस अभियान में विशेष योगदान दिया हो। चयनित अधिकारियों को जनगणना निदेशालय की ओर से प्रशंसा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

आगामी चरणों से भी बढ़ी उम्मीदें

जनगणना निदेशालय ने विश्वास जताया है कि सिमडेगा जिला आगामी जनगणना कार्यों और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा। जिले की यह उपलब्धि न केवल प्रशासन के लिए गर्व की बात है, बल्कि राज्य के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *