Home

मुहर्रम से पहले एक्शन मोड में हजारीबाग पुलिस, एसपी ने दिया फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश

Hazaribagh : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मुहर्रम को लेकर विशेष निगरानी का निर्देश

बैठक में एसपी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी तरह की सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा करने और उन मामलों में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर अभी से विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

महिला उत्पीड़न और एससी-एसटी मामलों का होगा त्वरित निष्पादन

एसपी ने महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता

बैठक में वर्ष 2025 से पहले के सभी लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन किया जाए ताकि लंबित मामलों की संख्या कम हो सके।

वारंट और कुर्की मामलों पर चलेगा विशेष अभियान

जिले के विभिन्न थानों में लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *