खेल

अंडर-18 एशिया कप विजेता झारखंड के 8 हॉकी खिलाड़ियों का रांची में भव्य स्वागत

रांची: जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारत का गौरव बढ़ाने वाले झारखंड के आठ हॉकी खिलाड़ियों का सोमवार को रांची पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली में आयोजित हॉकी इंडिया के सम्मान समारोह में शामिल होने के बाद सभी खिलाड़ी अपने गृह राज्य झारखंड पहुंचे, जहां खेल प्रेमियों और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

झारखंड के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद शामिल थे। वहीं कांस्य पदक विजेता भारतीय महिला टीम में झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, सुगन सांगा, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हुआ पारंपरिक स्वागत

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचते ही हॉकी झारखंड के नेतृत्व में सभी खिलाड़ियों का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के हाथ धोकर उनका अभिनंदन किया गया तथा फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।

स्वागत समारोह में हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, अशोक भगत, आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, दूलारी टोपनो, मनीष सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और समर्थक मौजूद रहे।

नारों से गूंजा एयरपोर्ट परिसर

खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर देशभक्ति और खेल भावना से सराबोर नजर आया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “हॉकी जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर झारखंड के खेल प्रेमियों ने गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *