Home

एनटीएचए के दो खिलाडियों ने भारत को दिलाया अंडर-18 एशिया कप का स्वर्ण

पूर्वी सिंहभूम, 07 जून । जापान के काकामिगाहारा में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी 2026 में भारत की ऐतिहासिक स्वर्णिम सफलता में जमशेदपुर की नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के दो कैडेटों ने अहम भूमिका निभाई।

अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने फाइनल में मेज़बान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में भारत अपराजित रहा और उसने एशिया की मजबूत टीमों को मात देते हुए अपना दबदबा कायम रखा।

टूर्नामेंट में आशीष तानी पूर्ति सबसे बड़े सितारे बनकर उभरे। उन्होंने 13 गोल दागकर प्रतियोगिता के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का सम्मान हासिल किया। सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में लगातार हैट्रिक लगाकर उन्होंने अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया।

जापान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उनके तीन गोलों ने भारत की जीत सुनिश्चित की, जिसके लिए उन्हें फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

वहीं मिडफील्ड में प्रेमचंद सोय ने अपनी बेहतरीन खेल समझ, तेज पासिंग और आक्रामक रणनीति से भारतीय टीम को मजबूती प्रदान की। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में टीम के खेल की गति नियंत्रित की और कई महत्वपूर्ण अवसर तैयार किए। चीनी ताइपे के खिलाफ उनका गोल भी भारत की सफलता में निर्णायक साबित हुआ।

इस उपलब्धि पर रविवार को एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल अकादमी बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भारतीय सीनियर टीम में भी देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *