देश

कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन : कॉकरोच वाला मास्क पहनकर पहुंचे आंदोलनकारी, हाथ में अंबेडकर की तस्वीर, संविधान के पोस्टर

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई। आंदोलन में शामिल युवाओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।

प्रदर्शन की खास बात यह रही कि कई प्रतिभागी हाथों में फूल लेकर पहुंचे, जबकि कुछ लोगों ने कॉकरोच के प्रतीक वाले मास्क पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया। कई प्रदर्शनकारी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें एवं संविधान से जुड़े पोस्टर भी अपने साथ लेकर आए थे।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर स्थित धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुधारों की आवश्यकता है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *