खेल

भारतीय अंडर-17 वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय शिविर में झारखंड के आकाश कुमार तांती का चयन

रांची, 02 जून 2026। झारखंड वॉलीबॉल संघ के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि पश्चिमी सिंहभूम (चक्रधरपुर) के प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी आकाश कुमार तांती का चयन भारतीय अंडर-17 पुरुष वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है।

आकाश कुमार तांती वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCoE), अहमदाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वे झारखंड जूनियर वॉलीबॉल टीम के सदस्य रह चुके हैं तथा जूनियर राष्ट्रीय, स्कूल राष्ट्रीय और अन्य विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

आकाश चक्रधरपुर स्थित सीकेपी वॉलीबॉल अकादमी के खिलाड़ी हैं। उन्होंने अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक आशीष कुमार आनंद के मार्गदर्शन में अपने खेल कौशल को निखारा है। उनकी इस उपलब्धि से पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे झारखंड के वॉलीबॉल जगत में उत्साह और गर्व का माहौल है।

आकाश का चयन आगामी एफआईवीबी अंडर-17 बॉयज़ वर्ल्ड वॉलीबॉल चैम्पियनशिप-2026 की तैयारी के लिए आयोजित भारतीय टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हेतु किया गया है। यह विश्व चैम्पियनशिप अगस्त 2026 में दोहा (कतर) में आयोजित होगी।

झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक शेखर बोस, चेयरमैन सुभोध कांत सहाय, अध्यक्ष आर.के. आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय सहित संघ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आकाश कुमार तांती को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि आकाश अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। यह उपलब्धि राज्य में वॉलीबॉल के निरंतर विकास तथा झारखंड के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *