भू-माफियाओं और अपराधियों को वित्त मंत्री की चेतावनी, कहा- कानून से खिलवाड़ किया तो सीधा जेल

Palamu : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए साफ कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बकाया नहीं होगा। सोमवार को पाटन प्रखंड के सुदूर चेतमा पिकेट में तैनात सील के लिए 10 कूलर और एक आरओ उपलब्ध कराने पहुंचे वित्त मंत्री ने अपराधियों और अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों को खुली चेतावनी दी। अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ लोग दबंगई और ताकत के दम पर गरीब और कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को अब अपनी आदतें सुधारनी चाहिए, क्योंकि सरकार इस मामले में बिल्कुल सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी भू-माफिया या अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। जो लोग अपराध के बल पर अपना दबदबा कायम रखना चाहते हैं, उनके लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
“कानून से ऊपर कोई नहीं”
राधाकृष्ण किशोर ने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अगर कोई व्यक्ति गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करेगा या अपराध के जरिए लोगों को डराने का प्रयास करेगा तो उसे प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं रखने वाले और अपराध के रास्ते पर चलने वाले लोगों की सही जगह जेल है।
पुलिस और प्रशासन को मिली खुली छूट
वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू जिला प्रशासन और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। सरकार का साफ निर्देश है कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जवानों के लिए कूलर और आरओ की व्यवस्था
चेतमा पिकेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों को 10 कूलर और एक वाटर प्यूरीफायर (आरओ) उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जवान कठिन परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी निभाते हैं, इसलिए उनकी बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विधायक मद से यह व्यवस्था कराई गई है ताकि जवानों को गर्मी में राहत मिल सके और उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।
देर रात तक मुस्तैद रहते हैं जवान
अपने अनुभव साझा करते हुए राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में वह अक्सर देर रात तक अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हैं। उस समय जब ज्यादातर लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान सड़कों और संवेदनशील इलाकों में मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे होते हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं जवानों की वजह से आम लोग सुरक्षित महसूस करते हैं और चैन की नींद सो पाते हैं।
कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के विकास और सुरक्षा के लिए काम कर रही है। राज्य में अपराध, अवैध कब्जा और दबंगई जैसी प्रवृत्तियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा, ताकि शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द का माहौल कायम रह सके।
