झारखंड खेल जगत को बड़ा झटका: जेओए के वरीय उपाध्यक्ष विद्यानंद मिश्र का निधन
रांची, झारखंड के खेल जगत के लिए अत्यंत दुखद समाचार है। झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन (जेओए) के वरीय उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी विद्यानंद मिश्र का लंबी बीमारी के बाद रविवार को रांची के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से राज्य के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्वर्गीय विद्यानंद मिश्र का संपूर्ण जीवन खेलों के विकास, खिलाड़ियों के उत्थान और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए समर्पित रहा। झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई और अपने अनुभव, नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से राज्य में खेल गतिविधियों को नई दिशा दी।
वे झारखंड शूटिंग एसोसिएशन तथा झारखंड इक्वेस्ट्रियन (अश्वारोहण) एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। उनके कुशल नेतृत्व में इन खेलों को राज्य में नई पहचान मिली तथा अनेक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ। खेल प्रशासन में उनकी दूरदर्शिता, अनुशासन, पारदर्शिता और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
विद्यानंद मिश्र अपने सरल, सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व के लिए भी जाने जाते थे। खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उनके स्नेह, सहयोग तथा मार्गदर्शन को सदैव याद रखेंगे। उनका निधन झारखंड के खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन एवं राज्य के समस्त खेल परिवार ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। संगठन ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
स्वर्गीय विद्यानंद मिश्र का अंतिम संस्कार सोमवार को प्रातः 11:00 बजे रांची स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
