Home

कैंप में बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, लड़कियों को दिए गए विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण

रांची: अपर बाजार स्थित अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा महिला समिति द्वारा आयोजित समर कैंप में बच्चों को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए। इस अवसर पर इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने बच्चों को आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से बालिकाओं को दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं, जैसे हेयर क्लिप, हेयर पिन, चाइनीज़ स्टिक आदि को आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा के साधन के रूप में इस्तेमाल करने की तकनीकों से अवगत कराया गया। बच्चों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न आत्मरक्षा कौशल सीखे।

रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि समर कैंप में बच्चों को दिया जाने वाला प्रशिक्षण विशेष रूप से इस प्रकार तैयार किया जाता है कि सीमित समय में उन्हें आत्मरक्षा की व्यावहारिक और प्रभावी तकनीकों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए भी सक्षम बनाता है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *