खेल

21 दिवसीय योग शिविर का सफल समापन, प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य और आत्मविश्वास में महसूस किए सकारात्मक बदलाव

रांची, 30 मई 2026: रांची विश्वविद्यालय के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में आयोजित 21 दिवसीय योग शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा एवं स्कूल ऑफ योग के निदेशक डॉ. आशीष कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर 5 मई से 30 मई 2026 तक चला, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, चिकित्सक तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह की शुरुआत स्कूल ऑफ योग के निदेशक डॉ. आशीष कुमार झा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने शिविर के अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी ऐसे योग शिविरों के आयोजन की सहमति प्रदान की। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निदेशक डॉ. परवेज हसन ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपने आशीर्वचन दिए।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) डॉ. सुदेश साहू थे। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समन्वयक ने शिविर की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। नियमित अभ्यास के परिणामस्वरूप प्रतिभागियों के स्वास्थ्य एवं जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योग शिविर से उनकी एकाग्रता, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अंत में स्कूल ऑफ योग की समन्वयक डॉ. रेणु कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन की सफलता में स्कूल ऑफ योग, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *