रामगढ़ : गिद्दी सी परियोजना में सीबीआई की दबिश, पांच अधिकारियों-कर्मचारियों से हो रही पूछताछ

Ramgarh : जिले के गिद्दी सी परियोजना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब सीबीआई की टीम ने परियोजना से जुड़े पांच अधिकारियों और कर्मचारियों के क्वार्टरों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सुबह से चल रही इस कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की नींव से जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सीबीआई की कई टीमें एक साथ अलग-अलग जगहों पर पहुंचीं और जांच प्रक्रिया शुरू की। जांच के दायरे में आए अधिकारियों और कर्मचारियों के क्वार्टरों में रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। टीम संबंधित दस्तावेजों के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी तैयार कर रही है।
जांच के कारणों पर अभी चुप्पी
हालांकि, सीबीआई की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच किस मामले को लेकर की जा रही है। आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी हो सकती है। जांच के दौरान संबंधित परिसरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है ताकि जांच कार्य प्रभावित न हो। सीबीआई अधिकारी पूरे मामले में गोपनीयता बरत रहे हैं।
इन लोगों के यहां चल रही है जांच
सूत्रों के मुताबिक जिन लोगों के यहां सीबीआई की जांच चल रही है, उनमें गिद्दी सी के मैनेजर रामाशीष राम, अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीसीएलकर्मी परशुराम चौधरी, शोभन चक्रवर्ती और एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे गिद्दी क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। हालांकि, जांच पूरी होने और सीबीआई की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
