Home

रांची पुलिस ने तोड़ी PLFI की कमर, 50 से ज्यादा मामलों में वांटेड स्टेट चीफ अमृत होरो को 

Ranchi : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के स्टेट चीफ और 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और PLFI के नक्सली पर्चे बरामद किए गए हैं।

रांची एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल के आसपास हथियारों के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर रूरल एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में और डीएसपी बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

जंगल में घेराबंदी कर दबोचा गया

पुलिस टीम ने देर रात महुगांव के जंगल इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान एक हथियारबंद शख्स को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो के रूप में बताई। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह PLFI का स्टेट चीफ है।

50 से ज्यादा मामलों में था वांटेड

एसएसपी के अनुसार अमृत होरो पिछले करीब 16 वर्षों से झारखंड के विभिन्न जिलों में नक्सली गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, आगजनी, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

व्यवसायियों और ठेकेदारों से मांगता था लेवी

पूछताछ में अमृत होरो ने खुलासा किया कि PLFI के नाम पर व्यवसायियों, ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों में दहशत फैलाकर फोन और सोशल मीडिया एप के जरिए रंगदारी और लेवी की मांग की जाती थी। जो लोग पैसे देने से इनकार करते थे, उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

कई चर्चित घटनाओं में रहा शामिल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमृत होरो कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। वर्ष 2023 में लापुंग के हुलसू गांव निवासी राजेश कुमार साहू की हत्या, वर्ष 2024 में जलमीनार निर्माण कार्य में 20 लाख रुपये की लेवी मांगने, खूंटी में रेल लाइन परियोजना स्थल पर फायरिंग कर रोड रोलर जलाने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने जैसे मामलों में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा लोहरदगा में राशन दुकान संचालक से 10 लाख रुपये की लेवी मांगने और पश्चिमी सिंहभूम में अपने ही संगठन के सदस्य की हत्या के मामले में भी वह आरोपी रहा है।

SSP ने कहा- संगठन की कमर टूटी

एसएसपी राकेश रंजन का कहना है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी के साथ ही पीएलएफआई संगठन के शीर्ष नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे राज्य में संगठन की गतिविधियों को बड़ा झटका लगेगा और रंगदारी तथा उग्रवादी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *