Home

दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, शादी के दो महीने बाद संदिग्ध मौत से सनसनी

Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित बगड़ो पंचायत के बरमसिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान काजल परवीन के रूप में हुई है। शादी को अभी महज दो महीने ही हुए थे, लेकिन अब मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतका के परिजनों ने बरमसिया गांव पहुंचकर हंगामा किया। वहीं, घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

दो महीने पहले हुई थी शादी
मृतका के भाई सरफराज अंसारी ने बताया कि उनकी बहन काजल परवीन की शादी 31 मार्च 2026 को मुस्लिम रीति-रिवाज से बरमसिया गांव निवासी मोनसीर अंसारी के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों तक सबकुछ ठीक था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में स्कॉर्पियो की मांग की जाने लगी। परिजनों का कहना है कि दबाव बढ़ने पर उन्होंने किसी तरह तीन लाख रुपये भी दिए थे।

स्कॉर्पियो की किस्त के लिए बनाया जा रहा था दबाव
मायके पक्ष का आरोप है कि तीन लाख रुपये मिलने के बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद स्कॉर्पियो की दूसरी किस्त भरने के लिए और पैसों की मांग की जाने लगी। सरफराज अंसारी ने आरोप लगाया कि जब परिवार ने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार कर दिया तो काजल को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया। इधर, घटना के बाद से मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। इससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। डोमचांच थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

⁶

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *