Home

हिंदी पत्रकारिता दिवस लोकतंत्र और जनचेतना का प्रतीक : संजय सर्राफ

रांची: संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत में प्रतिवर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। यह दिवस हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, उसके संघर्ष, योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने कोलकाता से हिंदी के प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन शुरू किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में हर वर्ष हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस का उद्देश्य समाज में पत्रकारिता के महत्व को उजागर करना, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज को सही दिशा देने, जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाने तथा जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य करती है।

संजय सर्राफ ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिंदी समाचार पत्रों और पत्रकारों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनमत तैयार कर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया। उस दौर में पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं थी, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरण का प्रभावी माध्यम भी थी।

उन्होंने कहा कि आज डिजिटल युग में हिंदी पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया ने हिंदी पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। गांवों से लेकर महानगरों तक हिंदी समाचार माध्यमों की पहुंच बढ़ी है, जिससे आम नागरिकों की आवाज को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है।

हालांकि उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फेक न्यूज, पक्षपातपूर्ण खबरें और नैतिक मूल्यों के ह्रास जैसी चुनौतियां भी सामने हैं। ऐसे में पत्रकारिता में सत्य, निष्पक्षता और जनहित की भावना को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

संजय सर्राफ ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें यह संदेश देता है कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। यह दिवस पत्रकारों के समर्पण, साहस और जिम्मेदारी को सम्मानित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सत्यनिष्ठ एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *