महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर गुंजन सिंह ने जताई चिंता, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
रांची, 25 जुलाई । महिला सुरक्षा को लेकर देशभर में बढ़ते अपराधों पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर महिला अपराधों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
गुंजन सिंह ने राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस लगातार ऐसे मुद्दों को उठाकर सरकार की जवाबदेही तय करने की कोशिश करती रही है, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और गंभीर होते जा रहे हैं।
घंटे भर में 45 महिलाओं के खिलाफ अपराध: महिला कांग्रेस
गुंजन सिंह ने बताया कि अगर हर घंटे 45 महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, तो इसे चुप रहकर सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में घटी निर्मम घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि—
- दिल्ली में एक महिला के साथ बार-बार अपराध की घटनाएं हो रही हैं।
- ओडिशा में एक छात्रा के साथ समुद्र तट पर 10 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
- मुजफ्फरपुर (बिहार) में एक दलित बच्ची के साथ बलात्कार कर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई।
- उत्तर प्रदेश में एक नाबालिग बच्ची के साथ चलती कार में दुष्कर्म किया गया और उसके साथी को कार से बाहर फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अपराधियों को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण: गुंजन सिंह का आरोप
गुंजन सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकतर मामलों में आरोपी भाजपा से जुड़े होते हैं, या फिर उन्हें भाजपा का समर्थन और संरक्षण मिल जाता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
सख्त कार्रवाई और ठोस नीति की मांग
महिला कांग्रेस की ओर से राज्यपाल से मांग की गई कि—
- दुष्कर्म और उत्पीड़न मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
- महिला सुरक्षा के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की जवाबदेही तय हो।
- बच्चियों की सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी नीति बनाई जाए।
गुंजन सिंह ने राज्यपाल से आग्रह किया कि महिला सुरक्षा की दिशा में ठोस पहल की जाए और संबंधित प्रशासनिक इकाइयों को सुनिश्चित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
