खाटू नरेश के अमावस्या महास्नान एवं 200वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन
रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर खाटू नरेश का महास्नान अनुष्ठान श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा के सानिध्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाबा श्री श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर बाबा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा श्री श्याम मंदिर परिसर में 200वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ IAS अधिकारी , अभिषेक झा, अमिता झा, अनुज झा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा ने संयुक्त रूप से बाबा श्री श्याम का भोग अर्पित किया।
“आओ-आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” भजन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। सर्वप्रथम भंडारे का भोग लगाकर उसे महाप्रसाद में सम्मिलित किया गया। इसके बाद यजमान पूजा सिंघल एवं उनके परिवार ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई।
भंडारे का प्रसाद प्रत्येक शनिवार गौशाला में गौमाता के लिए भेजा जाता है। मंडल के वरिष्ठ सदस्य रतन शर्मा एवं मंदिर के सहयोगी गौशाला तक प्रसाद पहुंचाने की सेवा निभाते हैं।
मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, वहीं हरमू रोड पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खाटू नरेश की जय के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की जयघोष के साथ प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया।
भंडारे में नमक-अजवाइन पूड़ी, आलू-कद्दू-गोभी मिक्स सब्जी, केसरिया जलेबी, आमरस, खीर एवं चूरमा का विशेष भोग लगाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश सरावगी, पूजा सिंघल, अभिषेक झा, अमिता झा, अनुज झा, गोपाल मुरारका, गौरव अग्रवाल, श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, मनोज खेतान, श्यामसुंदर शर्मा, स्वाति सरावगी, पीयूष मोर, स्मिता मोर, स्नेह सिंह, आशीष डालमिया, अनुज मोदी, कमलेश सावा, वेद भूषण जैन, राहुल मारू, संकेत चौधरी, रिषभ चौरसिया, मनोज खेतावत, उपेंद्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
