रांची में 27 जुलाई से प्रारंभ होगी पांच दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा, तैयारियां पूरी
रांची, 25 जुलाई । राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में 27 जुलाई (रविवार) से 31 जुलाई (गुरुवार) तक पांच दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को भक्ति, श्रद्धा और सौंदर्य से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव की अनुभूति हो सके।
वृंदावन से पधारेंगी सुप्रसिद्ध कथावाचिकाएं
इस विशेष आयोजन में वृंदावन से पधारीं विदुषी साध्वी मीणा महाराज एवं विदुषी साध्वी पूर्णा महाराज प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक अपनी मधुर वाणी, गहन आध्यात्मिक अनुभव और श्रीकृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भावों के माध्यम से श्रीकृष्ण लीला, रासोत्सव, भक्ति योग, और जीवन दर्शन की गूढ़ व्याख्या करेंगी।
आत्मा के शुद्धिकरण और समाजिक समरसता का संदेश
कथा आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मन की शांति, आत्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला एक आध्यात्मिक महायज्ञ होगा। श्रीकृष्ण के बाल्यकाल, युवावस्था, गीता उपदेश, रासलीला और उनके अद्वितीय चरित्र को कथा के माध्यम से भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया जाएगा।
विशेष रूप से युवाओं के लिए श्रीकृष्ण के उपदेश और निष्काम कर्म का संदेश आज के समय में मार्गदर्शक और प्रेरणादायक बन सकता है।
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्था
प्रत्येक दिन कथा के उपरांत सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि वे श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता से भरे वातावरण में कथा का आनंद ले सकें।
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं नागरिकों से सपरिवार पधारने की अपील की है ताकि वे इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें।
