Home

खूंटी पुलिस का डबल एक्शन : 231 किलो डोडा जब्त, देशी कट्टा के साथ आरोपी को दबोचा

Khunti : खूंटी में नशे के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। बीते दो दिनों में खूंटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तरफ भारी मात्रा में अवैध डोडा बरामद किया, तो दूसरी तरफ एक वांछित आरोपी को देशी कट्टा के साथ दबोच लिया। इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सड़क किनारे खड़ी संदिग्ध गाड़ी ने खड़े किए सवाल

मामला मुरहू थाना क्षेत्र का है। पुलिस के गश्ती दल को 13 मई को सूचना मिली कि ग्राम घाघरा के पास गनालोय-सारिदकेल सड़क पर एक चारपहिया वाहन के साथ कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। लेकिन जैसे ही संदिग्धों ने पुलिस की गाड़ी देखी, वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने वहां खड़ी गाड़ी की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर टीम भी सतर्क हो गई।

13 बोरियों में मिला 231 किलो अवैध डोडा

तलाशी के दौरान पुलिस को मारुति इको कार से 13 बोरियों में भरा हुआ करीब 231 किलो अवैध डोडा मिला। इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुरहू थाना में कांड दर्ज किया। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, क्योंकि सभी संदिग्ध मौके से फरार हो गए थे। पुलिस अब वाहन के आधार पर तस्करों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

वांछित आरोपी को हथियार के साथ दबोचा

वहीं दूसरी कार्रवाई एनडीपीएस थाना पुलिस ने की। एसपी ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी राम मुंडा ग्राम भंडरा में मौजूद है और उसके पास हथियार भी है। सूचना के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई। पुलिस टीम जब भंडरा चौक पहुंची तो मुखबिर की निशानदेही पर राम मुंडा को एक पुल पर बैठे देखा गया।

पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन घिर गया

पुलिस को सामने देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कमर में खोंसा हुआ एक देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हथियार बरामद होने के बाद खूंटी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *