Home

रांची में मोबाइल छिनतई पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

Ranchi : रांची में मोबाइल छिनतई की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि बिशप स्कूल की तरफ बस टोली जाने वाले रास्ते पर मोबाइल छिनतई की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पीसीआर और बाइक पेट्रोलिंग टीम तुरंत हरकत में आई।

तेजी दिखाते हुए आरोपी को दबोचा

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच में उसके पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को थाना लाकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. फैज अंसारी उर्फ केका के रूप में की है। वह करीब 22 साल का है और रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के करबला चौक मजार गली का रहने वाला बताया गया है।

केस दर्ज, जांच जारी

इस मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 85/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। रांची में लगातार सामने आ रही मोबाइल छिनतई की घटनाओं को देखते हुए थाना क्षेत्र के पीसीआर, बाइक पेट्रोलिंग और स्थानीय पुलिस को पहले से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया था। इसी सतर्कता का नतीजा है कि घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *