Home

छेका समारोह में जा रहे लोगों की गाड़ी हादसे का शिकार, 15 से अधिक घायल

Garhwa : गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दहेड़िया के पास मैजिक वाहन और ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार, केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव से कुछ लोग ऑटो में सवार होकर श्री बंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की बेटी का छेका समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दहेड़िया के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मैजिक वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे। भाजपा नेता कन्हैया चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अनुमंडल अस्पताल भिजवाया गया। इसके अलावा पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद और थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव, टिंकू उरांव और अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। अन्य घायलों में लवकुश कुमार, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार, अंकुश कुमार और शिवकुमार उरांव समेत कई लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *